बंगाल में किसकी सरकार? कांग्रेस नेता की भविष्यवाणी, ‘कोई दोराय नहीं कि BJP और TMC में बढ़त…’
West Bengal Exit Poll 2026: कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा कि बंगाल के वोटर्स बहुत जागरूक हैं. वोटर्स ने ये नहीं बताया कि उन्होंने किसे वोट दिया.

जम्मू कश्मीर से कांग्रेस के सीनियर विधायक और पश्चिम बंगाल के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया दी. जब उनसे सवाल किया गया कि एग्जिट पोल के आंकड़ों में बीजेपी को बढ़त दिखाया जा रहा है तो उन्होंने कहा कि ये बीजेपी का एजेंडा है और ये सालों भर चलता है.
बीजेपी ने चुनाव में कोई कमी नहीं छोड़ी- गुलाम अहमद मीर
बीजेपी को बढ़त के अनुमान पर गुलाम अहमद मीर ने कहा, “ग्राउंड पर तो हमें ऐसा नहीं दिखा. हालांकि बीजेपी ने कोई कमी नहीं छोड़ी वोटर को लुभाने में. फिर भी मुझे लगता है कि बंगाल का वोटर बहुत जागरूक है. मुकाबला तो इन दो पार्टियों के बीच में है, इसमें कोई शंका नहीं है. मगर बढ़त जो है, महिलाओं का 60 फीसदी से ज्यादा वोट तो सीधे आंख बंद करके टीएमसी को किया है. यहां तक की बीजेपी के बड़े नेताओं की घरों की महिलाओं ने भी टीएमसी को वोट किया.” उन्होंने कहा कि टीएमसी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी. बीजेपी को इतना बड़ा आंकड़ा (बहुमत) नहीं मिलेगा.”
इसके आगे उन्होंने कहा, “वेलफेयर स्कीम जो उन्होंने (टीएमसी की सरकार) चला रखी है, उसका सीधा असर इन चुनावों में देखने को मिला. इसके साथ ही संगठनात्मक ढांचा टीएमसी का किसी भी अन्य दल से बहुत अच्छा है. लेफ्ट खत्म हो चुका है और कांग्रेस का बेस जीरो के बराबर है. बीजेपी तो हवाबाजी करती है. संगठन नीचे नहीं है. 4 तारीख को एग्जिट पोल से बिल्कुल उलट नतीजे आएंगे.”
हमने पॉलिसी और प्रोग्राम पर लोगों का वोट मांगा- गुलाम अहमद मीर
गुलाम अहमद मीर ने ये भी कहा, “बंगाल के जागरूक वोटर ने ये खुलासा नहीं किया कि उसने किसको वोट किया है. क्योंकि अगर वो टीएमसी का बोलते तो बीजेपी उन्हें सताती और बीजेपी का बोलते तो टीएमसी सताती. सिर्फ कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जिसकी तरफ से लोगों को कोई थ्रेट नहीं था. पॉलिसी और प्रोग्राम पर हमने लोगों का वोट मांगा. उन्होंने तो दाल और मुर्गी को मुद्दा बनाने की कोशिश की थी.”


